सोनपुरी में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

सोनपुरी में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
संपादक -मनहरण कश्यप Gs news 

सोनपुरी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विकासखंड कोटा अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनपुरी के स्कूल प्रांगण में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योगमय वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, ग्रामीणों, वरिष्ठ नागरिकों एवं स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था और जागरूकता का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुआ। विद्यालय परिसर में उपस्थित बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों ने एक साथ विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और संतुलित जीवन का संदेश दिया। योगाभ्यास के दौरान पूरे परिसर में सकारात्मक ऊर्जा और अनुशासन का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच सुनील कुमार भानु, उपसरपंच त्रिभुवन सिंह पैकरा, पंच साखन सिंह भानु, बिसाहूराम, राजकुमार यादव,भागबली भानू वरिष्ठ नागरिक संजय तिवारी, स्थानीय पत्रकार मनहरण कश्यप, शिक्षक प्रेम सिंह पैकरा व अन्य स्कूल स्टाफ सहित बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन एवं योगाभ्यास का मार्गदर्शन मिडिल स्कूल सोनपुरी के प्रधानपाठक मदनलाल साहू ने किया। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और आत्मविश्वास भी प्रदान करता है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानपाठक मदनलाल साहू ने सभी अतिथियों, पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है।
योग दिवस के इस सफल आयोजन ने सोनपुरी में स्वास्थ्य, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी संदेश दिया।

Post a Comment

0 Comments