बांसाझाल पुलिया क्षतिग्रस्त, रतनपुर–पेंड्रा नेशनल हाईवे पर यातायात ठप,कोटा पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय, मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी

बांसाझाल पुलिया क्षतिग्रस्त, रतनपुर–पेंड्रा नेशनल हाईवे पर यातायात ठप,कोटा पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय, मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी
संपादक -मनहरण कश्यप Gs news cg 

कोटा/बिलासपुर। रतनपुर–बेलगहना–गौरेला-पेंड्रा–अमरकंटक मार्ग पर ग्राम बांसाझाल स्थित पुलिया क्षतिग्रस्त होने से राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर यातायात बाधित हो गया है। अचानक मार्ग बंद होने से इस रास्ते से गुजरने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए कोटा पुलिस ने आमजन के लिए यातायात परामर्श जारी करते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
पुलिया क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग-45 के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। यातायात को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि मार्ग को पूरी तरह सामान्य होने में कुछ समय लग सकता है।
कोटा पुलिस के अनुसार, छोटी गाड़ियां एवं छोटी बसें रतनपुर से बांसाझाल घटना स्थल के पहले दाहिनी ओर मुड़कर बारीडीह बस्ती होते हुए मुख्य मार्ग से गौरेला-पेंड्रा की ओर जा सकती हैं। यह मार्ग केवल छोटे वाहनों के लिए उपयुक्त है।
इसके अलावा वाहन चालक रतनपुर–शनिचरी चौक–जूना शहर–जोगीपुर चौक–अमाली–कंचनपुर–बेलगहना रोड अथवा रतनपुर–कोटा–बेलगहना–पेंड्रा मार्ग का भी उपयोग कर सकते हैं।
कोटा पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, अनावश्यक रूप से क्षतिग्रस्त पुलिया के पास न जाएं तथा पुलिस और प्रशासन द्वारा बताए गए वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही यातायात पुनः सामान्य कर दिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments