सोनसाय नवागांव में भीषण गर्मी में जल संकट: तीन माह से बंद हैंडपंप और बोर, ग्रामीण परेशान
संपादक -मनहरण कश्यप Gs news
कोटा/विकासखंड कोटा के ग्राम पंचायत नवागांव सोनसाय में भीषण गर्मी के बीच जल संकट गहराता जा रहा है। गांव के आश्रम मोहल्ला और सरपंच मोहल्ले में पिछले तीन महीनों से हैंडपंप और बोर मशीन खराब पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत बनाई गई पानी टंकी भी बंद पड़ी है, जिसके कारण उन्हें रोजमर्रा के उपयोग के लिए दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। पंचायत स्तर पर समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।
मामले में सरपंच और सचिव के बीच आपसी तालमेल की कमी भी सामने आ रही है। दोनों पक्षों द्वारा उच्च अधिकारियों को शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसका खामियाजा गांव के आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जल्द से जल्द पेयजल व्यवस्था बहाल करने और खराब हैंडपंप व बोर की मरम्मत की मांग की है, ताकि गर्मी के इस दौर में उन्हें राहत मिल सके।
0 Comments