ग्राम भैंसाझार हत्या कांड: 48 घंटे बाद भी सुराग नहीं, कातिल अब भी पुलिस की पकड़ से दूर
संपादक -मनहरण कश्यप की खास रिपोर्ट
रतनपुर/भैसाझार -- रतनपुर थाना क्षेत्र के भैसाझार में 37 वर्षीय सूर्या प्रकाश बघेल की हत्या ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। तीन दिन पहले रहस्यमय तरीके से लापता हुए युवक का शव तीसरे दिन जंगल में मिलने से मामला और उलझ गया है। पुलिस की सक्रियता के बावजूद 48 घंटे बाद भी कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है।
लापता होने से लेकर शव मिलने तक…
सूर्या प्रकाश बघेल 3 दिसंबर को दोपहर 12 बजे घर से निकले थे। रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कुछ ही देर बाद उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। अगली सुबह परिजनों ने रतनपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
तीसरे दिन सुबह ग्रामीणों ने भैसाझार जंगल के भीतर संदिग्ध अवस्था में पड़े एक शव की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहचान की पुष्टि सूर्या प्रकाश बघेल के रूप में की और पंचनामा कर शव को कब्जे में लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
48 घंटे बाद भी सुराग नहीं
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने कई संदिग्धों से लगातार पूछताछ की है, लेकिन अब तक कोई भी पुख्ता सुराग सामने नहीं आया है। इससे पुलिस की जांच पर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस इस मामले को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़कर देख रही है, और हर संभावित पहलू की गहराई से जांच जारी है।
तीन मुख्य एंगल पर जांच
सूर्या प्रकाश के पुराने विवाद अब पुलिस की जांच का आधार बन गए हैं।
1. जमीन विवाद: मृतक का लंबे समय से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था।
2. पैसों का लेन–देन: आर्थिक विवादों के चलते उस पर पहले भी अपराध दर्ज था।
3. महिला संबंध का कोण: पुलिस एक महिला से जुड़े कथित अफेयर की दिशा में भी गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी तीन एंगल पर समानांतर जांच जारी है और बहुत जल्द हत्या में शामिल आरोपियों का खुलासा किया जाएगा।
स्थानीय लोगों व परिजनों ने कातिलों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल इस रहस्यमय हत्या कांड का राज खुलने का इंतजार हर किसी को है।
0 Comments