श्रवण मास में रुद्राभिषेक महापूजन का भव्य आयोजन धौराभाठा में संपन्न ,स्वामी शिवानंद जी महाराज के सान्निध्य में भक्तों ने लिया आशीर्वाद

श्रवण मास में रुद्राभिषेक महापूजन का भव्य आयोजन धौराभाठा में संपन्न ,स्वामी शिवानंद जी महाराज के सान्निध्य में भक्तों ने लिया आशीर्वाद

Managing Editor- Manharan Kashyap 

धौराभाठा। श्रावण मास के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भूलकेश्वर आश्रम, धौराभाठा में रुद्राभिषेक महापूजन का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया। यह आयोजन श्री सिद्ध बाबा आश्रम बेलगहना के सान्निध्य में लगातार छठवें वर्ष आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में पूज्य श्री श्री 108 स्वामी शिवानंद जी महाराज का आगमन पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में प्रातः 9:00 बजे हुआ। ग्रामवासियों, सेवा समिति के सदस्यों और हरिसंकीर्तन मंडलियों ने भव्य स्वागत करते हुए पूज्य स्वामी जी का अभिनंदन किया।
स्वागत उपरांत सद्गुरु चरण पादुका एवं पार्थिव शिवलिंग की पूजा सम्पन्न हुई। तत्पश्चात माँ मनियारी नदी तट पर दीपदान कर आशीर्वाद लिया गया। यह नदी क्षेत्रीय लोगों के लिए जीवनदायिनी मानी जाती है।

अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में पूज्य स्वामी शिवानंद जी महाराज ने कहा, "भोलेनाथ सरल से सरल उपासना से प्रसन्न होते हैं, परंतु रुद्राभिषेक उन्हें अत्यंत प्रिय है। यह सनातन धर्म की सबसे प्रभावशाली पूजा है, जिससे सभी कष्टों का निवारण होता है। यजुर्वेद में भी रुद्राभिषेक का विशेष उल्लेख है।"

भूलकेश्वर आश्रम स्वामी जी की विशेष श्रद्धा का केंद्र रहा है। यह आश्रम आज अध्यात्म का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहाँ पूज्य श्री श्री 1008 स्वामी सदानंद महाराज जी की स्मृति में अखंड ज्योति प्रज्वलित की जा रही है।
धौराभाठा में पूजन के पश्चात स्वामी जी सागर स्थित गोसाई आश्रम पहुँचे, जहाँ पुनः भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक और पूजन विधिपूर्वक किया गया। इस अवसर पर गोसाई आश्रम में भी श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी।

कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए हिर्री पुलिस अधिकारियों की सुरक्षा व्यवस्था उल्लेखनीय रही। पूजा-पाठ के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज़ से आए श्रद्धालुजनों ने प्रसाद ग्रहण किया।

Post a Comment

0 Comments