जनपद सदस्य रोहणी नेतू यादव की उपस्थिति में कुरवार स्कूल में धूमधाम से मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव

जनपद सदस्य रोहणी नेतू यादव की उपस्थिति में कुरवार स्कूल में धूमधाम से मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव
संपादक -मनहरण कश्यप Gs news 

कोटा/कुरवार। विकासखंड कोटा अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला कुरवार, संकुल टेंगनमाड़ा में शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र की लोकप्रिय जनपद सदस्य रोहणी नेतू यादव उपस्थित रहीं। उनके आगमन से विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
जनपद सदस्य रोहणी नेतू यादव ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बच्चों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने शासन की शिक्षा संबंधी योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कुरवार के सरपंच, जनप्रतिनिधि, विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर नवप्रवेशी बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा विद्यालय को शिक्षा का उत्कृष्ट केंद्र बनाने का संकल्प लिया।
विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। आयोजन में जनपद सदस्य रोहणी नेतू यादव की सक्रिय सहभागिता और शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना ग्रामीणों एवं विद्यालय परिवार द्वारा की गई।
शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह का संचार हुआ तथा गांव में शिक्षा के महत्व का सकारात्मक संदेश पहुंचा। कार्यक्रम का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया।

Post a Comment

0 Comments