शासकीय प्राथमिक शाला बेड़ापाट में "अंगना म शिक्षा" कार्यक्रम संपन्न
प्रधान संपादक- मनहरण कश्यप गुरुशिष्य न्यूज़
कोटा/ कोटा विकासखंड अंतर्गत संकुल गोबरीपाठ की शासकीय प्राथमिक शाला बेड़ापाट में "अंगना म शिक्षा" कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के प्रधान पाठक द्वारा ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को घरेलू वातावरण में बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा देने के सरल और व्यावहारिक तरीकों से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि महिलाएं अपने रोजमर्रा के घरेलू कार्यों में बच्चों को शामिल करते हुए उन्हें गिनती, रंग, आकार एवं व्यवहारिक ज्ञान दे सकती हैं। उदाहरणस्वरूप — नाश्ते के लिए दो कटोरी मंगवाना या चाय के लिए चार कप लाने को कहकर बच्चों को गिनती सिखाई जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधान पाठक के नेतृत्व में सुमन सिंह एवं बिंदेश्वरी ध्रुव मैडम के द्वारा उपस्थित महिलाओं को ‘अंगना म शिक्षा’ के विभिन्न तरीकों को प्रत्यक्ष रूप से प्रैक्टिकल के माध्यम से समझाया, जिससे महिलाएं सीखकर घर पर ही बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा दे सकें।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में गांव की महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं को बच्चों की पहली शिक्षक के रूप में सशक्त बनाना था।
0 Comments