दो माह की के बाद PWD की कटिंग से बढ़ी परेशानी, ग्रामीणों ने की जांच व कार्रवाई की मांग
संपादक -मनहरण कश्यप
कोटा। आमागोहन–टाटीधार–पेंड्रा लोक निर्माण विभाग (PWD) मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में भारी नाराजगी है। उनका आरोप है कि पिछले दो माह से सड़क के गड्ढों और क्षतिग्रस्त साइड शोल्डर की जानकारी विभाग को लगातार दी जा रही थी, लेकिन समय पर मरम्मत नहीं की गई। अब बरसात में गड्ढों में पानी भरने के बाद विभाग ने मरम्मत के बजाय सड़क की कटिंग शुरू कर दी, जिससे आवागमन और अधिक जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते गड्ढों की भराई कर दी जाती तो सड़क की स्थिति इतनी खराब नहीं होती। कटिंग के कारण कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं और आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।
जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि सब डिवीजन इंजीनियर अजय सप्रे ने सड़क की स्थिति पर सवाल उठाने पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया और कथित रूप से कहा, "मेरा सड़क है, मेरी मर्जी से काम करूंगा।" इस कथित बयान से ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि अधिकारी नियमित फील्ड निरीक्षण भी नहीं करते और शिकायतों पर गंभीरता नहीं दिखाते।
विधायक प्रतिनिधि चितरंजन शर्मा ने कहा कि दो माह पहले ही सड़क की मरम्मत की मांग की गई थी, लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण आज हालात और बिगड़ गए हैं। उन्होंने पूरे मार्ग का तकनीकी निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण मरम्मत तथा लापरवाही और अभद्र व्यवहार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने की भी बात कही है।
0 Comments