सावन में गूंजेगी रामचरित मानस की स्वरधारा, हर मानस मंडली को मिलेगा रामचरित मानस व छाता : संदीप शुक्ला
संपादक -मनहरण कश्यप Gs news
कोटा। सावन माह में ग्रामीण अंचलों की धार्मिक परंपराओं को पुनर्जीवित करने की दिशा में पूर्व जनपद अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने विशेष पहल की है। उन्होंने घोषणा की है कि कोटा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव की मानस मंडली को रामचरित मानस की प्रति और छाता उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि सावन माह में होने वाले रामायण पाठ एवं भजन-कीर्तन को प्रोत्साहन मिल सके।
संदीप शुक्ला ने बताया कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों में पूरे सावन माह प्रतिदिन रामचरित मानस का गायन-वादन और पाठ होता था, लेकिन समय के साथ यह परंपरा साप्ताहिक आयोजनों तक सीमित होकर रह गई है। अब इस प्राचीन परंपरा को फिर से प्रतिदिन शुरू करने का संकल्प लिया गया है, जिससे गांव-गांव में भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण का विस्तार हो सके।
उन्होंने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना का पर्व है। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में रामभक्तों द्वारा आयोजित रामायण पाठ और मानस गायन भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। इन्हीं आयोजनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक मानस मंडली को रामचरित मानस और छाता वितरित किए जाएंगे। यह सामग्री सावन माह प्रारंभ होने से पहले सभी गांवों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
शुक्ला ने कहा कि आधुनिक दौर में मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण लोगों, विशेषकर युवाओं का धार्मिक आयोजनों से जुड़ाव कम होता जा रहा है। ऐसे में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने गांव एवं आसपास संचालित सभी मानस मंडलियों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते सभी मंडलियों तक रामचरित मानस और अन्य सामग्री पहुंचाई जा सके। इस पहल का उद्देश्य सावन माह में गांव-गांव रामचरित मानस की अविरल स्वरधारा को पुनः जीवंत करना है।
0 Comments