कोटमीकला ज्वेलरी व्यापारी हत्याकांड का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार, लूटे गए आभूषण व हथियार बरामद

कोटमीकला ज्वेलरी व्यापारी हत्याकांड का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार, लूटे गए आभूषण व हथियार बरामद
संपादक -मनहरण कश्यप Gs news 

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय खुफिया तंत्र की मदद से इस मामले में शामिल सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोना-चांदी के आभूषण, अवैध हथियार, कारतूस और घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किए गए हैं।

26 मई 2026 को कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी से लूटपाट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद बिलासपुर रेंज पुलिस और जीपीएम पुलिस की संयुक्त टीमों ने व्यापक जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, साइबर विश्लेषण, मुखबिर सूचना और लगातार की गई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले के सभी आरोपियों तक पहुंच बनाई।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी खुशीराम साहू ने बिहार और झारखंड के अपने साथियों के साथ मिलकर ज्वेलरी व्यापारियों की रेकी कर लूट की योजना बनाई थी। 26 मई की शाम आरोपियों ने प्रदीप सोनी से सोना-चांदी से भरा बैग लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी राहुल उर्फ मनीष मंडल ने अवैध हथियार से गोली मार दी, जिससे व्यापारी की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी लूटे गए आभूषण लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में दबिश देकर सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर दो देशी कट्टे, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा, लगभग 40 ग्राम सोना, 4 किलो 480 ग्राम चांदी, सात मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल और एक कार बरामद की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में अपराध करना स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने मात्र दो सप्ताह के भीतर इस बहुचर्चित अंधे कत्ल और लूटकांड का खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है.

पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में बिलासपुर रेंज, साइबर सेल और जीपीएम पुलिस की संयुक्त टीमों की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

0 Comments