अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार; लाखों के सोना-चांदी और वाहन बरामद

अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार; लाखों के सोना-चांदी और वाहन बरामद
संपादक -मनहरण कश्यप Gs news 

 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही-- जिले में लगातार हो रही चोरी और नकबजनी की वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय शातिर चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण, वाहन, मोबाइल फोन तथा चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग के निर्देशन तथा प्रभारी पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत एसडीओपी पेंड्रा श्याम कुमार सिदार और एसडीओपी मरवाही राजेश देवांगन के नेतृत्व में थाना मरवाही, थाना पेंड्रा, चौकी कोटमी और चौकी सिवनी क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं की गहन जांच की गई।

तकनीकी विश्लेषण, साइबर इनपुट, मुखबिरों की सूचना और संदिग्धों की लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। पूछताछ में आरोपियों ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के अलावा मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी और नकबजनी की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 38 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी, चोरी की रकम से खरीदी गई महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन, चोरी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, कई एप्पल मोबाइल फोन तथा कटर मशीन, जैक रॉड, हथौड़ी, छैनी सहित अन्य उपकरण जब्त किए हैं।

जांच के दौरान कोटमी, पेंड्रा, मरवाही और मध्यप्रदेश के अनुपपुर जिले में दर्ज कुल सात चोरी और नकबजनी के मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक संगठित गिरोह के रूप में लंबे समय से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों में परमेश्वर गोस्वामी उर्फ रवि, सूरज गोस्वामी, सुमित गोस्वामी, प्रणय पाण्डेय, विशाल जादव उर्फ विशू तथा शरद काटकर शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस बड़ी सफलता में थाना मरवाही, थाना पेंड्रा, चौकी सिवनी, चौकी कोटमी और साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments