कोलवाशरी परियोजना के विरोध में एकजुट होने की अपील, 19 जून की जनसुनवाई में पहुंचने का आह्वान- आदित्य दीक्षित

कोलवाशरी परियोजना के विरोध में एकजुट होने की अपील, 19 जून की जनसुनवाई में पहुंचने का आह्वान- आदित्य दीक्षित 

संपादक -मनहरण कश्यप Gs news 

कोटा/करगी रोड-कोटा प्रस्तावित कोलवाशरी परियोजना को लेकर क्षेत्र में विरोध के स्वर लगातार तेज होते जा रहे हैं। पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आदित्य दीक्षित ने अमाली, बिल्लीबंद, नवागांव, लमकनियापारा एवं कोटा क्षेत्र के आमजन से 19 जून 2026 को अमाली में आयोजित होने वाली जनसुनवाई में बड़ी संख्या में शामिल होकर कोलवाशरी का विरोध करने की अपील की है।
आदित्य दीक्षित ने कहा कि क्षेत्र के किसान जो धरती पुत्र हैं इस प्रोजेक्ट के आने से उनकी जमीन बंजर होगी, ग्रामीणों और आम नागरिकों को परियोजना के संभावित पर्यावरणीय, सामाजिक तथा स्वास्थ्य संबंधी प्रभावों को ध्यान में रखते हुए जनसुनवाई में अपनी बात मजबूती से रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोलवाशरी से निकलने वाली धूल और प्रदूषण का असर खेती-किसानी, जल स्रोतों तथा आसपास के गांवों के जनजीवन पर पड़ सकता है।
उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों की उपजाऊ भूमि, फसलों की गुणवत्ता और सिंचाई के जल स्रोतों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। वहीं प्रदूषण बढ़ने से बच्चों, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों में श्वास संबंधी बीमारियां तथा अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी बढ़ सकती हैं। इसलिए क्षेत्रवासियों को अपने भविष्य और आने वाली पीढ़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सजग रहने की आवश्यकता है।
कटाक्ष करते हुए आदित्य दीक्षित ने कहा कि विकास के नाम पर ऐसी परियोजनाएं लागू करने से पहले जनता की चिंताओं को गंभीरता से सुनना आवश्यक है। केवल कागजी दावों से पर्यावरण, किसानों के हितों और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती। यदि परियोजना वास्तव में जनहित में है तो उसके विरोध में उठ रही आवाजों और लोगों की आशंकाओं का समाधान भी जिम्मेदार पक्षों को करना चाहिए।

Post a Comment

0 Comments