आधारशिला विद्या मंदिर के छात्र अरिहान श्रीवास्तव ने एनडीए लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की

आधारशिला विद्या मंदिर के छात्र अरिहान श्रीवास्तव ने एनडीए लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की
संपादक -मनहरण कश्यप 

बिलासपुर/आधारशिला विद्या मंदिर न्यू सैनिक स्कूल के प्रतिभाशाली छात्र अरिहान श्रीवास्तव ने एक साथ दो महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल कर विद्यालय एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया है। अरिहान ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) की लिखित परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है तथा साथ ही सीबीएसई कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90% अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

अरिहान की इस उल्लेखनीय सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष एवं गर्व का वातावरण है। विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए आगामी एसएसबी (SSB) साक्षात्कार हेतु शुभकामनाएँ प्रदान कीं।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि अरिहान शिक्षा, खेल एवं नेतृत्व—तीनों क्षेत्रों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहे हैं। उन्होंने विद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है तथा अनुशासन, समर्पण एवं टीम भावना का परिचय दिया है। इसके अतिरिक्त अरिहान वर्तमान में एसएसबी साक्षात्कार की तैयारी में भी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। वे नियमित रूप से व्यक्तित्व विकास, समूह चर्चा, मनोवैज्ञानिक परीक्षण, संचार कौशल एवं शारीरिक दक्षता से संबंधित अभ्यास कर रहे हैं, जिससे वे भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने के अपने लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर हैं।

अरिहान श्रीवास्तव आज विद्यालय के सैनिक स्कूल कैडेट्स के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुके हैं। उनकी सफलता यह दर्शाती है कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास, सकारात्मक सोच एवं देशसेवा के प्रति समर्पण के माध्यम से बड़े से बड़ा लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। विद्यालय के अन्य कैडेट्स भी उनसे प्रेरणा लेकर एनडीए एवं रक्षा सेवाओं में अपना भविष्य बनाने के लिए उत्साहपूर्वक तैयारी कर रहे हैं।

अरिहान श्रीवास्तव, कोटा विधायक श्री अटल श्रीवास्तव के भतीजे तथा श्रीमती रश्मि श्रीवास्तव एवं डॉ. अजय श्रीवास्तव के सुपुत्र हैं। परिवार के संस्कार, अनुशासन एवं शिक्षा के प्रति समर्पण ने अरिहान के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि अरिहान सदैव अनुशासित, परिश्रमी एवं सकारात्मक सोच रखने वाले विद्यार्थी रहे हैं। उनकी मेहनत, दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास एवं देशसेवा के प्रति समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि निरंतर प्रयास, सही मार्गदर्शन एवं मजबूत इच्छाशक्ति से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. अजय श्रीवास्तव, निदेशक श्री एस.के. जनास्वामी, प्राचार्य जी.आर. माधुलिका एवं समस्त स्टाफ ने अरिहान श्रीवास्तव एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं एसएसबी साक्षात्कार में सफलता की कामना की।

Post a Comment

0 Comments