ढोलमौहा में भक्तिरस की अविरल धारा : राधा-कृष्ण विवाह संग फूलों की होली में झूमे श्रद्धालु
संपादक -मनहरण कश्यप की खास रिपोर्ट
कोटा (बिलासपुर)। विकासखंड कोटा अंतर्गत ग्राम ढोलमौहा इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के रंगों में सराबोर है। यादव परिवार के सान्निध्य में आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ कथा सप्ताह के सातवें दिन गुरुवार को भगवान श्री राधा-कृष्ण विवाह का दिव्य एवं भव्य आयोजन संपन्न हुआ। विवाह उत्सव के दौरान कथा मंडप में श्रद्धालुओं ने फूलों की होली खेलकर भक्ति और प्रेम का अनुपम उत्सव मनाया। पूरा वातावरण “राधे-राधे” और “श्याम नाम” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
कथा स्थल पर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं वृंदावन की छटा ढोलमौहा में उतर आई हो। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर भगवान की लीलाओं का आनंद लेते नजर आए। रंग-बिरंगे पुष्पों की वर्षा, भजनों की मधुर स्वर लहरियां और भक्तों की उमंग ने आयोजन को अलौकिक बना दिया।
राष्ट्रीय कथा वाचिका पूज्य दीदी हेमलता शर्मा (पाली, कोरबा) के श्रीमुख से प्रवाहित हो रही श्रीमद् भागवत कथा ने श्रद्धालुओं के हृदय को गहराई से स्पर्श किया। उनकी मधुर वाणी, भावपूर्ण प्रस्तुति एवं आध्यात्मिक व्याख्यान ने उपस्थित जनसमूह को भक्ति सागर में निमग्न कर दिया। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के दिव्य प्रेम एवं विवाह प्रसंग का अत्यंत भावुक और मनमोहक वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
इस पावन आयोजन में बाल व्यास लता नंदन, पं. नरेंद्र शर्मा एवं आचार्य पं. मुरली मनोहर शर्मा (राजपुरोहित, लाफागढ़, पाली) अपनी विशेष भूमिका निभाते हुए धार्मिक अनुष्ठानों को वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न करा रहे हैं।
यज्ञ के मुख्य यजमान नंदराम यादव एवं श्रीमती गीता यादव परिवार सहित पूरे श्रद्धा, समर्पण और सेवा भाव के साथ आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों के सहयोग से पूरा ढोलमौहा गांव भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है।
ग्राम ढोलमौहा में आयोजित यह भव्य धार्मिक अनुष्ठान न केवल आध्यात्मिक चेतना को जागृत कर रहा है, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक परंपराओं और सामूहिक एकता को भी सुदृढ़ बना रहा है। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण एवं दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। पूरे क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर उत्साह और आस्था का विशेष वातावरण बना हुआ है।
0 Comments