बेलगहना ब्लॉक की कमान अवधेश कश्यप को, कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान को मिली नई धार
संपादक -मनहरण कश्यप की विशेष रिपोर्ट
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “संगठन सृजन अभियान” के तहत बिलासपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी ने अहम कदम उठाया है। अभियान के अंतर्गत संगठनात्मक पूर्णता सुनिश्चित करने और बूथ, पंचायत, वार्ड स्तर पर संरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए ब्लॉक प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
इसी कड़ी में बेलगहना ब्लॉक की जिम्मेदारी अवधेश कश्यप को सौंपी गई है, जिससे स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। संगठन के विस्तार और मजबूती में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, जिला बिलासपुर ग्रामीण के प्रभारी शैलेश नितिन त्रिवेदी और जिला प्रभारी सुबोध हरितवाल के निर्देशानुसार की गई है। वहीं, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने इसे तत्काल प्रभाव से लागू किया है।
संगठन सृजन अभियान के तहत बूथ स्तर तक बीएलए (Booth Level Agent) की नियुक्ति कर पार्टी को चुनावी दृष्टि से मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में बेलगहना ब्लॉक प्रभारी के रूप में अवधेश कश्यप की नियुक्ति को संगठन के लिए एक अहम और रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
स्थानीय कार्यकर्ताओं का मानना है कि अवधेश कश्यप के नेतृत्व में बेलगहना ब्लॉक में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी चुनावों में इसका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा।
0 Comments