निरंजन केसरवानी महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव में- कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव की घोषणा

निरंजन केसरवानी महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव में- कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव की घोषणा
 
संपादक -मनहरण कश्यप Gs news 

कोटा। शासकीय निरंजन केसरवानी महाविद्यालय कोटा के वार्षिकोत्सव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक अटल श्रीवास्तव शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसके बाद पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का वातावरण छा गया।
विधायक अटल श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व भी उतने ही आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल का उपयोग सकारात्मक रूप से पढ़ाई और ज्ञानवर्धन के लिए करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और उज्ज्वल भविष्य निर्माण का सशक्त माध्यम है। इस अमूल्य समय का सदुपयोग कर विद्यार्थी अपने जीवन की मजबूत नींव रखें।
वार्षिकोत्सव के अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा लोकनृत्य, गीत-संगीत और नाट्य मंचन की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। महाविद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों को शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उपलब्धि हासिल करने वाले छात्रों को विशेष बधाई दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के विधायक प्रतिनिधि एवं पूर्व छात्र हरीश नामदेव ने परिसर में शेड निर्माण एवं तार फेंसिंग सहित अहाता निर्माण की मांग रखी। विधायक अटल श्रीवास्तव ने इस मांग को सहर्ष स्वीकार करते हुए शीघ्र निर्माण कराने की घोषणा की, जिससे उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों में हर्ष की लहर दौड़ गई।
वार्षिकोत्सव समारोह में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण त्रिवेदी, विधायक प्रतिनिधि आदित्य दीक्षित, कुलवंत सिंह, प्रतीक त्रिवेदी, हरीश नामदेव, पार्षद जब्बार खान, कान्हा गुप्ता, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष वीना मसीह, अनिल मसीह, प्राचार्या श्रीमती नाज बेंजामिन, समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समारोह ने शिक्षा, संस्कृति और विकास के समन्वय का प्रेरक संदेश देते हुए महाविद्यालय परिवार को नई ऊर्जा प्रदान की।

Post a Comment

0 Comments