अटल श्रीवास्तव ने उठाई आवाज ,गुणवत्ताहीन सीसी सड़क निर्माण पर ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग

अटल श्रीवास्तव ने उठाई आवाज ,गुणवत्ताहीन सीसी सड़क निर्माण पर ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
संपादक -मनहरण कश्यप Gs news 

कोटा। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने मंडी निधि से स्वीकृत सीसी सड़कों के निर्माण में कथित अनियमितताओं और घटिया गुणवत्ता को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड बिलासपुर के कार्यपालन अभियंता को पत्र लिखकर पूरे मामले की जांच कर दोषी ठेकेदार एवं एजेंसी पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने बताया कि कोटा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनपुरी के आश्रित ग्राम—ढोलमौहा, सरईपाली, कुरूवार ,टाटीधार, बछालीखुर्द, डांडबछाली, पंडरापथरा, जरगा, अमने, खरगहनी, खुरदूर, लालपुर, चपोरा, साजापाली, पोड़ी, सिलपहरी, उमरमरा, कुवारीमुंड़ा, रिगवार एवं पुडू—में मंडी निधि से सीसी सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ है, जिनमें कई स्थानों पर निर्माण प्रारंभ भी हो चुका है।
हालांकि, क्षेत्रवासियों से मिली शिकायतों के अनुसार कई जगहों पर सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है। निर्माण के तुरंत बाद सड़कों में दरारें उभरने लगी हैं, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। विधायक ने इसे बेहद गंभीर विषय बताते हुए कहा कि सड़कों का क्षेत्रीय विकास में महत्वपूर्ण योगदान होता है, ऐसे में घटिया निर्माण कार्य जनता के साथ अन्याय है।
उन्होंने मंडी निधि से स्वीकृत सभी सड़कों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने तथा जहां भी अनियमितता पाई जाए वहां संबंधित ठेकेदार एवं एजेंसी के विरुद्ध शीघ्र कठोर कार्रवाई कर अवगत कराने की मांग की है।
विधायक के इस कदम से क्षेत्र में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासनिक सक्रियता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

Post a Comment

0 Comments