जिले में औद्योगिक निवेश को मिलेगी नई रफ्तार अनुकूल माहौल बनाने कलेक्टर के निर्देश

जिले में औद्योगिक निवेश को मिलेगी नई रफ्तार, अनुकूल माहौल बनाने कलेक्टर के निर्देश

संवाददाता -विनय कश्यप की विशेष रिपोर्ट 

बिलासपुर, 4 फरवरी 2026/जिले में औद्योगिक विकास एवं निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला निवेश प्रोत्साहन समिति की बैठक कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में प्रस्तावित नए उद्योगों की स्थापना से संबंधित प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि जिले में 43 प्रकार के विभिन्न उद्योग पाइपलाइन में हैं। वर्ष 2025-26 में 36 लघु और सूक्ष्म औद्योगिक इकाइयों की स्थापना हुई है। इसमें 49 करोड़ रुपए का पूंजी निवेश हुआ है और लगभग 3 सौ लोगों को रोजगार मिला है। बैठक में नए उद्योगों को प्रदान किए जाने वाले अनुदान एवं प्रोत्साहन संबंधी मामलों की समीक्षा की गई तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। 
     कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि जिले में उद्योगों की स्थापना से न केवल आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निवेशकों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने एवं सभी स्वीकृति प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को अधिकाधिक पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने एवं स्वीकृत प्रकरणों का त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, उद्योग विभाग के सीजीएम श्री टेकाम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments