दुर्गानगर लिंगियाडीह में गरीबों के आशियाने तोड़ने के निर्णय के खिलाफ अनिश्चितकालीन सांकेतिक धरना में पहुंचे - कांग्रेस नेता - कल्याण सिंह
संपादक -मनहरण कश्यप GuruShishya News
बिलासपुर/नगर निगम बिलासपुर के अंतर्गत दुर्गानगर लिंगियाडीह क्षेत्र में बीते लगभग 40 वर्षों से निवासरत गरीब व श्रमिक परिवारों के मकानों को तोड़कर वहां बड़े व्यापारियों के लिए व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स निर्माण के प्रस्तावित निर्णय के विरुद्ध जनआक्रोश लगातार गहराता जा रहा है। इसी क्रम में आज 13 दिसंबर 2025 को आंदोलन का 22वां दिन रहा, जहां स्थानीय पार्षद श्री दिलीप पाटिल के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन सांकेतिक धरना आयोजित किया गया।
धरने में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल हुए। आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम का यह निर्णय गरीबों के आशियाने उजाड़ने वाला है और इससे सैकड़ों परिवार बेघर होने की कगार पर आ जाएंगे। वक्ताओं ने कहा कि जिन परिवारों ने दशकों से इस क्षेत्र में रहकर शहर के विकास में योगदान दिया है, उन्हें बिना वैकल्पिक पुनर्वास के हटाना सामाजिक अन्याय है।
धरने को समर्थन देते हुए कल्याण सिंह ठाकुर, पूर्व सदस्य जिला पर्यटन समिति, बिलासपुर ने कहा कि शासन-प्रशासन को विकास के नाम पर कमजोर वर्गों की अनदेखी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि प्रभावित परिवारों को स्थायी वैकल्पिक आवास, पुनर्वास नीति और पारदर्शी संवाद के बिना किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ न की जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक गरीबों को न्याय नहीं मिल जाता।
धरने के दौरान नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई और शासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि निर्णय वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने भी राज्य शासन और छत्तीसगढ़ राज्य पर्यटन बोर्ड (छ.ग. शासन) सहित संबंधित विभागों से मामले में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए शीघ्र समाधान निकालने की अपील की है।
0 Comments