आधारशिला विद्या मंदिर विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ आनंद मेले का भव्य आयोजन
संपादक -मनहरण कश्यप की खास रिपोर्ट
बिलासपुर। आधारशिला विद्या मंदिर विद्यालय में हर्ष और उल्लास के साथ आनंद मेला बड़े ही भव्य रूप में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती कविता जनस्वामी, विद्यालय के चेयरमैन सर तथा श्रीमती रश्मी श्रीवास्तव उपस्थित रहीं। विशेष अतिथि के रूप में विद्यालय के संस्थापक महोदय श्री अटल श्रीवास्तव तथा श्रीमती नीतू श्रीवास्तव, प्राचार्य श्रीमती जी.आर. मधुलिका एवं उप-प्राचार्य श्री जोशी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन को और अधिक प्रेरणादायी बना दिया।
मेले का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात् अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। छात्रों और अभिभावकों द्वारा तैयार किए गए व्यंजन एवं खेल स्टॉलों ने सभी का मन मोह लिया। नूडल्स, भेल, मोमोज़, केसर दूध, हस्तकला, मेहंदी और गेम ज़ोन जैसे आकर्षक स्टॉल मेले का मुख्य आकर्षण बने रहे।
चेयरमैन सर ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और टीमवर्क की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रायोगिक ज्ञान का विकास होता है। वहीं स्कूल फ़ाउंडर महोदय ने बच्चों के उत्साह, अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता और शिक्षकों के समर्पण की प्रशंसा की।
मेले में अभिभावकों, विद्यार्थियों तथा समुदाय के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरा परिसर उत्सवमय वातावरण से सराबोर रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना रहा, जो पूर्णतः सफल सिद्ध हुआ।
अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
0 Comments