रेडियम पट्टी के अभाव में फिर खतरे में गौवंश, पुलिस की एक रात की कार्रवाई हुई बेअसर
Managing Editor- Manharan Kashyap
रतनपुर। बुधवार रात को पुलिस प्रशासन ने सड़क पर बैठे मवेशियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके गले में रेडियम पट्टी बांधने की पहल की थी। यह कदम ग्राम बारीडीह में कुछ दिन पूर्व अज्ञात वाहन द्वारा दर्जनों मवेशियों को कुचलने की दर्दनाक घटना के बाद उठाया गया था। बुधवार रात लगभग 8 बजे पुलिस की टीम ने रतनपुर नगर में घूम-घूमकर सड़क पर बैठे मवेशियों को चिन्हित कर उनके गले में रेडियम पट्टी बांधी, जिससे कि वाहन चालकों को रात के अंधेरे में वे दूर से ही नजर आ सकें।
लेकिन गुरुवार रात लगभग 8 बजे को ही यह पूरी कवायद बेमानी होती दिखी। शहर के सबसे व्यस्ततम स्थल पुराना बस स्टैंड, रतनपुर पर दर्जनों मवेशी बिना किसी रेडियम पट्टी के रोड पर बैठे पाए गए। यह वही इलाका है जहां दिन-रात लोगों की भीड़ लगी रहती है और यातायात भी सतत बना रहता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन की यह पहल सराहनीय जरूर है, लेकिन यदि इसे निरंतरता और गंभीरता से लागू नहीं किया गया, तो इसका कोई स्थायी प्रभाव नहीं होगा। ऐसी स्थिति में, सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाएं पहले की तरह बनी रहेंगी।
पुलिस प्रशासन के साथ-साथ समाजसेवियों, गौसेवकों और नगर पालिका को मिलकर सतत रूप से कार्य करना होगा, ताकि गौवंश सुरक्षित रहें और सड़क दुर्घटनाएं रोकी जा सकें। केवल एक दिन की कार्रवाई से समस्या का हल संभव नहीं।
0 Comments