रतनपुर के वार्ड क्र 05 एवं 06 के रहवासी परेशान, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था पर उठे सवाल, शिकायत के बाद भी सुधार नहीं
संपादक -मनहरण कश्यप की खास रिपोर्ट
रतनपुर। नगर के सरस्वती शिशु मंदिर गली में एक अक्टूबर 2026 से घरों में लगे नल-टेपों से गंदा, मटमैला और बदबूदार पानी आने की शिकायत सामने आई है। इससे गली के रहवासी परेशान हैं और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस समस्या की जानकारी वार्ड क्रमांक 05 एवं 06 के पार्षद मनोज पाटले और अर्चना संतोष सोनी को फोटो एवं वीडियो के माध्यम से दी गई है। इसके बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक की बुनियादी आवश्यकता है। ऐसे में यदि लंबे समय तक नलों से दूषित पानी आता रहे, तो लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है। रहवासियों की मांग है कि संबंधित जिम्मेदार विभाग तत्काल पानी की गुणवत्ता की जांच कराए और गंदे पानी की आपूर्ति के कारणों का पता लगाकर समस्या का स्थायी समाधान करे।
वार्ड पार्षद क्या कहते हैं ?
वार्ड पार्षद मनोज पाटले से संपर्क करने की कोशिश की गई जिनके द्वारा फोन नहीं उठाया गया। वही वार्ड पार्षद सोनी जी से बात करने पर नगर पालिका परिषद रतनपुर के संबंधित विभाग को इस संबंध में अवगत कराने की बात की गई है।
स्वच्छ भारत अभियान
स्वच्छ भारत अभियान और स्वच्छता के दावों के बीच यदि घरों तक पहुंचने वाला पानी ही गंदा और बदबूदार हो, तो व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से लेकर रहवासियों को कब तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराते हैं।
0 Comments