सड़क कटाव से बरपाली-केंदा मार्ग पर बढ़ा खतरा, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी
संवाददाता बैजनाथ पटेल की खास रिपोर्ट
पानी के तेज बहाव से सड़क का हिस्सा बहा, सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने से दुर्घटना की आशंका
कोटा। जनपद पंचायत कोटा के अंतर्गत आने वाले बरपाली-केंदा मार्ग पर अधिक पानी के बहाव के कारण सड़क का एक हिस्सा कटकर बह गया है। सड़क में हुए कटाव के चलते मार्ग से गुजरने वाले बरपाली, कुसुमखैरा , पहंदा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार बरपाली, कुसुमखैरा और पहंदा क्षेत्र के कई विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए केंदा जाते हैं। प्रतिदिन इसी मार्ग से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, ग्रामीण, किसान और अन्य लोग आवागमन करते हैं। सड़क कटने के कारण अब इस मार्ग पर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
सड़क पर नहीं लगाए गए बैरिकेड और चेतावनी संकेत
सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि सड़क कटाव वाले स्थान पर अभी तक किसी प्रकार के बैरिकेड, सुरक्षा रेलिंग अथवा चेतावनी संकेतक नहीं लगाए गए हैं। रात के समय यह स्थान राहगीरों के लिए और भी खतरनाक हो सकता है। यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान पानी के तेज बहाव के कारण सड़क लगातार कमजोर हो रही है। यदि क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत नहीं की गई तो सड़क का कटाव और अधिक बढ़ सकता है, जिससे गांवों का आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।
ग्रामीणों ने की तत्काल मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं जनपद पंचायत प्रशासन से मांग की है कि बरपाली-केंदा मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से का तत्काल निरीक्षण कर मरम्मत कार्य किया जाय।
0 Comments