मिनीमाता की पुण्यतिथि पर छाता पहाड़ में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ की पहली महिला सांसद और समाज सुधारक ममतामयी मिनीमाता की 54वीं पुण्यतिथि के अवसर पर गौरेला के ज्योतिपुर स्थित छाता पहाड़ में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्कर्ष सतनामी समाज कल्याण समिति, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
पौधारोपण के माध्यम से प्रकृति संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित वातावरण तैयार करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में निभाने का संकल्प भी लिया गया।
इस अवसर पर गौरेला क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री और फलों का वितरण किया गया। आयोजकों ने कहा कि ममतामयी मिनीमाता ने सामाजिक समरसता, शिक्षा, मानव सेवा और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उनकी पुण्यतिथि पर सेवा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों के माध्यम से उनके विचारों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उत्कर्ष सतनामी समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष सूर्यकांत रात्रे, सचिव राजकुमार कुर्रे, कोषाध्यक्ष ललित भास्कर, उपाध्यक्ष प्रीतम कोसले, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष निर्मला भास्कर, सचिव उमा कात्यायनी कोसले, मंजू महिलांगे सहित समाज के वरिष्ठजन पुरुषोत्तम लहरे, टी.डी. महिलांगे, छोटूलाल रात्रे, आर.एन. बंजारे, सुभाष तोंडे, रामनारायण मारकंडे, ओमप्रकाश अंचल, त्रिभुवन गोयल और गजेंद्र रात्रे सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ममतामयी मिनीमाता के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया गया। पुण्यतिथि पर सेवा, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के इस प्रयास ने मिनीमाता के सामाजिक सरोकारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया।
0 Comments