सिद्ध बाबा आश्रम बेलगहना में रुद्राभिषेक की पूर्णाहुति,उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, जयकारों से गूंजा आश्रम

सिद्ध बाबा आश्रम बेलगहना में रुद्राभिषेक की पूर्णाहुति,उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, जयकारों से गूंजा आश्रम 
संवाददाता -बैजनाथ पटेल की खास रिपोर्ट 

बेलगहना/बिलासपुर। क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक एवं आस्था के केंद्र श्री सिद्ध बाबा आश्रम, बेलगहना में श्रावण मास के दौरान चल रहे रुद्राभिषेक एवं धार्मिक अनुष्ठान की विधि-विधानपूर्वक पूर्णाहुति संपन्न हुई। पूर्णाहुति के अवसर पर आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूज्य श्री श्री 108 श्री स्वामी शिवानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित इस आध्यात्मिक आयोजन में अंतिम आहुति देने एवं भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजा आश्रम परिसर
सुबह से ही आश्रम में विशेष पूजा-अर्चना, रुद्रीपाठ एवं धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम शुरू हो गया था। आचार्यों द्वारा रुद्राष्टाध्यायी एवं रुद्रीपाठ के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक एवं विशेष श्रृंगार किया गया। विश्व शांति, सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना के साथ मुख्य हवन कुंड में पूर्णाहुति दी गई। इस दौरान पूरा पहाड़ी क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
36 आश्रमों में धार्मिक एवं सेवा कार्य
बताया गया कि पूज्य स्वामी शिवानंद जी महाराज के मार्गदर्शन एवं सानिध्य में भारत भूमि के विभिन्न स्थानों पर स्थित 36 आश्रमों में सेवा कार्य एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में बेलगहना स्थित सिद्ध बाबा आश्रम में श्रावण मास के दौरान विशेष रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया।
पारद शिवलिंग के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु
सिद्ध बाबा आश्रम में स्थापित अद्वितीय पारद शिवलिंग की विशेष धार्मिक महिमा श्रद्धालुओं के बीच आस्था का प्रमुख केंद्र है। सावन मास में पारद शिवलिंग के दर्शन एवं अभिषेक का विशेष महत्व माना जाता है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूज्य स्वामी शिवानंद जी महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मानव जीवन अत्यंत दुर्लभ है। परमात्मा की भक्ति और सद्गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही मनुष्य को वास्तविक शांति एवं संतुष्टि प्राप्त हो सकती है।
भव्य भंडारे के साथ संगीत कार्यक्रम
पूर्णाहुति के पश्चात आश्रम समिति की ओर से विशाल महाप्रसाद एवं भंडारे का आयोजन किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही विभिन्न जिलों से पहुंचे संगीत साधकों द्वारा भक्ति एवं आध्यात्मिक संगीत की प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
स्वास्थ्य शिविर में हजारों श्रद्धालुओं की जांच
धार्मिक आयोजन के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी सेवा प्रदान की गई। प्रथम हॉस्पिटल, बिलासपुर द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाकर श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु
इस धार्मिक आयोजन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक, पूर्णाहुति एवं भंडारे का लाभ लेकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पुलिस प्रशासन, आश्रम के स्वयंसेवकों एवं स्थानीय ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और सेवा की भावना देखने को मिली।

गुरुशिष्य न्यूज़ 
संपादक -मनहरण कश्यप 

Post a Comment

0 Comments