श्मशान घाट का अधूरा पुल बना मुसीबत, अंतिम यात्रा में भी उठानी पड़ी भारी परेशानी
संपादक -मनहरण कश्यप Gs news cg
कोटा। विकासखंड कोटा अंतर्गत ग्राम पंचायत पहंदा के आश्रित ग्राम सुखेना में श्मशान घाट जाने वाले मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया अधूरी होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में पुलिया निर्माण के लिए रास्ता खोदा गया था, लेकिन आज तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है।
शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे ग्रामीणों ने बताया कि गांव में एक व्यक्ति का निधन हो गया। अंतिम संस्कार के लिए शव को श्मशान घाट ले जाते समय अधूरी पुलिया के कारण अंतिम यात्रा में शामिल लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बरसात के मौसम में मार्ग की स्थिति और भी खराब हो गई है, जिससे आवागमन जोखिमभरा बन गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य की जिम्मेदारी संभाल रही कार्य एजेंसी ने काम बाहरी ठेकेदारों को सौंप दिया था। ठेकेदारों ने गर्मी के दिनों में पुलिया का निर्माण शुरू तो किया, लेकिन बारिश शुरू होते ही काम अधूरा छोड़कर चले गए। इसके कारण पुलिया लंबे समय से अधूरी पड़ी है और ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं, और किसानों के लिए इस मार्ग से आवागमन बेहद कठिन हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार पुलिया निर्माण का कार्य ग्राम पंचायत पहंदा की कार्य एजेंसी द्वारा कराया जा रहा है। इस संबंध में पंचायत का पक्ष जानने के लिए फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि अधूरी पुलिया का निर्माण कार्य तत्काल पूरा कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी ग्रामीण, विशेषकर अंतिम यात्रा जैसे संवेदनशील अवसर पर, इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और श्मशान घाट तक सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।
0 Comments