कोटा परियोजना अधिकारी पर जांच प्रभावित करने के आरोप, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में रोष
संपादक -मनहरण कश्यप Gs news
कोटा/महिला एवं बाल विकास विभाग के बेलगहना सेक्टर में पदस्थ सुपरवाइजर श्रीमती कीर्ति किरण मोंगरे के खिलाफ 11 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला स्तर पर तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है।
इसी बीच कार्यकर्ताओं ने कोटा परियोजना अधिकारी सुरुचि श्याम पर जांच को प्रभावित करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जांच टीम के गठन की जानकारी मिलते ही परियोजना अधिकारी अन्य सुपरवाइजरों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में निरीक्षण के नाम पर पहुंचीं और शिकायतकर्ताओं पर दबाव बनाकर बयान बदलने के लिए भय का माहौल बनाने का प्रयास किया।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह कार्रवाई उन्हें डराने और निष्पक्ष जांच को प्रभावित करने के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने मांग की है कि जिला स्तरीय जांच पूरी होने तक इस तरह की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए।
मौके पर पहुंचे ग्राम पंचायत बेलगहना के उपसरपंच अमित गुप्ता ने भी परियोजना अधिकारी से सवाल करते हुए कहा कि जब जिला स्तर पर जांच टीम गठित हो चुकी है, तो शिकायतकर्ताओं पर दबाव बनाने की बजाय निष्पक्ष जांच का इंतजार किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि परियोजना अधिकारी के समर्थन में खड़े कार्यकर्ताओं के केंद्रों की जांच क्यों नहीं की गई।
जनप्रतिनिधि के सवालों पर परियोजना अधिकारी ने जांच टीम के गठन की जानकारी नहीं होने की बात कही। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित सुपरवाइजर को बचाने के लिए चुनिंदा केंद्रों पर दबाव बनाकर कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल, इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है और विभागीय कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
0 Comments