आमागोहन–खोंगसरा में पुल निर्माण में लापरवाही, नदी तक रास्ता न मिलने से ग्रामीणों में नाराज़गी

आमागोहन–खोंगसरा में पुल निर्माण में लापरवाही, नदी तक रास्ता न मिलने से ग्रामीणों में नाराज़गी 
संपादक -मनहरण कश्यप Gs news 

खोंगसरा/आमागोहन- रेलवे अंडर ब्रिज बीके-31 से सड़क निर्माण होते हुए बैगन कुंडी अरपा नदी पर सेतु विभाग द्वारा बनाए जा रहे पुल को लेकर ग्राम आमागोहन और खोंगसरा के ग्रामीणों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुल निर्माण के दौरान नदी तक जाने के लिए कोई रास्ता नहीं छोड़ा गया है, जिससे दैनिक उपयोग और अंतिम संस्कार जैसी परंपराओं में बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि पुल के एक तरफ रिटेनिंग वॉल बना दी गई है, जबकि दूसरी ओर गहरी खाई बनी हुई है। ऐसे में नदी तक सुरक्षित पहुंचना संभव नहीं हो पा रहा है। खास बात यह है कि गांव का श्मशान घाट नदी किनारे ही स्थित है, जहां अंतिम संस्कार के बाद ग्रामीण इसी घाट पर स्नान करते हैं। रास्ता बंद होने से यह परंपरा प्रभावित हो रही है।
      ग्रामवासियों के अनुसार, इस संबंध में कई बार ठेकेदार को मौखिक रूप से अवगत कराया गया था। ठेकेदार द्वारा रास्ता बनाने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, अब पुल निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और निर्माण सामग्री भी हटाई जा रही है, जिससे ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने सेतु विभाग के अधिकारियों, सब इंजीनियर और एसडीओ से मांग की है कि पुल के राइट साइड से नदी तक उतरने के लिए तत्काल रास्ता बनाया जाए। उनका कहना है कि अब तक गांववासियों ने कार्य में पूरा सहयोग दिया है, लेकिन यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो यह सहयोग आक्रोश में बदल सकता है।

*ग्रामीणों की मांग:*
पुल के किनारे से नदी तक सुरक्षित मार्ग का निर्माण। 

रिटेनिंग वॉल के पास सीढ़ीनुमा या ढलानयुक्त रास्ता।

निर्माण कार्य पूर्ण होने से पहले समाधान

अंतिम अपील:
ग्रामवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि समय रहते इस समस्या का समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति न बने।

Post a Comment

0 Comments