भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम, ग्राम सोनपुरी में जवारा विसर्जन पर उमड़ा जनसैलाब

भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम, ग्राम सोनपुरी में जवारा विसर्जन पर उमड़ा जनसैलाब 
संपादक -मनहरण कश्यप की खास रिपोर्ट 

वि.खं. कोटा अंतर्गत ग्राम सोनपुरी में शनिवार को नवरात्रि पर्व के समापन अवसर पर जवारा विसर्जन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे गांव में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनुपम दृश्य देखने को मिला, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
ग्राम के प्रजापति परिवार द्वारा चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर विधि-विधान के साथ जोत प्रज्वलित कर जवारा बोया गया था। पूरे नौ दिनों तक माता रानी की नियमित पूजा-अर्चना, सेवा और आराधना की गई। नवमी के उपरांत शनिवार को पूरे विधि-विधान के साथ जवारा विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकाली गई।
यह शोभायात्रा पूरे गांव में भ्रमण करते हुए प्रमुख देवालयों और विभिन्न मोहल्लों से होकर गुजरी। बाजे गाजे और माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। महिलाएं, पुरुष, बच्चे—सभी वर्गों के लोग बड़ी संख्या में शामिल होकर इस पावन आयोजन के साक्षी बने।
अंत में ग्राम के रामसागर तालाब में पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ जवारा का विसर्जन किया गया। इस दौरान पूरे गांव में श्रद्धा, आस्था और सामूहिक एकता का सुंदर उदाहरण देखने को मिला, जिसने आयोजन को और भी विशेष बना दिया।

Post a Comment

0 Comments