महामाया पारा रतनपुर में 5 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन, श्रद्धालुओं को दिया गया आमंत्रण
संपादक -मनहरण कश्यप की खास रिपोर्ट
रतनपुर। महामाया पारा रतनपुर में 28 से 29 मार्च 2026 तक 5 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में संपन्न होगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं को सादर आमंत्रित किया गया है।
आयोजकों के अनुसार, गायत्री और यज्ञ को ज्ञान एवं विज्ञान का शक्तिशाली स्रोत माना गया है। भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति को विशेष स्थान देते हुए ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता’ की भावना को भी इस आयोजन के माध्यम से साकार किया जाएगा। कार्यक्रम में वेदमाता गायत्री की कृपा एवं पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के आशीर्वाद का उल्लेख किया गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत 28 मार्च को दोपहर 2 बजे से मंगल कलश यात्रा के साथ होगी, जिसके बाद शाम 6 बजे से 8 बजे तक संगीत एवं प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। वहीं 29 मार्च को सुबह 8 बजे से 11 बजे तक गायत्री यज्ञ एवं विभिन्न संस्कार संपन्न होंगे। शाम 6 बजे से प्रज्ञागीत एवं दीप यज्ञ आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान नामकरण, अन्नप्राशन, मुंडन, विद्यारंभ एवं दीक्षा जैसे विभिन्न संस्कार भी निःशुल्क कराए जाएंगे। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से भारतीय वेशभूषा में शामिल होने तथा संस्कार हेतु पूर्व सूचना देने की अपील की है।
समस्त गोहल्लावासी महामायापारा रतनपुर द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया गया है।
0 Comments