ग्राम बापापुती में महाशिवरात्रि पर रुद्राभिषेक व मानस गायन का भव्य आयोजन

ग्राम बापापुती में महाशिवरात्रि पर रुद्राभिषेक व मानस गायन का भव्य आयोजन

संपादक (Gs News) – मनहरण कश्यप की विशेष रिपोर्ट

रतनपुर, सिल्ली। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर ग्राम बापापुती, परसदा (सिल्ली) स्थित शिव पंचायत मंदिर भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर हो उठा। दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंजता रहा।
प्रातः 10 बजे से विधिवत मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक प्रारंभ हुआ। भगवान भोलेनाथ का जल, दूध, गंगाजल एवं बेलपत्र से अभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलकामना की गई। विशेष रूप से डॉ. महेंद्र कुमार कश्यप ने सपत्नीक श्रद्धा भाव से भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।
रात्रि में मानस गायन का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें आसपास एवं दूरदराज से आई महिला एवं पुरुष मानस मंडलियों ने मधुर स्वर में रामचरितमानस की चौपाइयों का गायन किया। भक्तिरस में डूबे श्रद्धालु देर रात तक भजन-कीर्तन में लीन रहे। मंदिर प्रांगण दीपों की रोशनी और भक्ति के प्रकाश से आलोकित हो गया।

आयोजन श्री मनीराम कश्यप, श्री मुरारीलाल कश्यप, डॉ. महेंद्र कुमार कश्यप एवं श्री राजेंद्र कुमार कश्यप के सान्निध्य में समस्त कश्यप परिवार एवं ग्रामवासियों के सहयोग से संपन्न हुआ। आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रति वर्ष परंपरानुसार आयोजित किया जाता है, जिसमें क्षेत्र के शिवभक्त बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।
महाशिवरात्रि के इस दिव्य अवसर पर ग्राम बापापुती श्रद्धा, समर्पण और एकता की मिसाल बनकर उभरा, जहां भक्ति की गंगा निरंतर प्रवाहित होती रही। 

Post a Comment

0 Comments