खोंगसरा रेलवे स्टेशन की बदहाल व्यवस्था पर कांग्रेस जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उठाई आवाज

खोंगसरा रेलवे स्टेशन की बदहाल व्यवस्था पर कांग्रेस जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उठाई आवाज
संपादक -मनहरण कश्यप 

बिलासपुर।भारतीय रेल के बिलासपुर–कटनी रेल सेक्शन पर स्थित खोंगसरा रेलवे स्टेशन की अव्यवस्थाओं को लेकर अब जनआक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। स्टेशन पर यात्रियों को मिल रही बदहाल सुविधाओं के खिलाफ कांग्रेस के जनप्रतिनिधि अजहर खान और स्थानीय ग्रामीणों ने एकजुट होकर आवाज बुलंद की है।
कांग्रेस जनप्रतिनिधि अजहर खान ने बताया कि बिलासपुर से लगभग 66 किलोमीटर दूर स्थित खोंगसरा स्टेशन क्षेत्र का महत्वपूर्ण स्टेशन होने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर न तो यात्रियों के लिए छावनी (शेड) की व्यवस्था है और न ही बैठने की समुचित सुविधा।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात में यात्री भीगने को मजबूर होते हैं, ठंड में बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी होती है और अब भीषण गर्मी में दोपहर के समय आने वाली ट्रेनों के दौरान यात्रियों को तेज धूप झेलनी पड़ती है। स्टेशन पर लगे नल और पानी के बूथ टूटे पड़े हैं, चारों ओर गंदगी फैली हुई है और रात के समय लाइटिंग की व्यवस्था भी बेहद कमजोर है।
इस मुद्दे को केवल जमीनी स्तर पर ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी लगातार उठाया जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर प्रदीप शर्मा ने कई बार ट्विटर (X) और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से खोंगसरा रेलवे स्टेशन की दुर्दशा को उजागर किया है और रेलवे प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया है।
कांग्रेस जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से बिलासपुर रेल मंडल एवं रेल महाप्रबंधक से मांग की है कि—
प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के लिए छावनी/शेड की व्यवस्था की जाए
स्वच्छ पेयजल सुविधा तत्काल बहाल की जाए
बैठने के लिए कुर्सियां पुनः लगाई जाएं
स्टेशन परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए
रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए
उन्होंने सवाल उठाया कि जब रेलवे प्रतिदिन करोड़ों रुपये की कमाई कर रहा है, तो फिर ग्रामीण क्षेत्रों के स्टेशनों पर यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं से क्यों वंचित रखा जा रहा है।
यह मांग जनहित में उठाई गई है, ताकि खोंगसरा जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन पर यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक सुविधाएं मिल सकें।

Post a Comment

0 Comments