एनएच 45 पर अंडरपास की मांग तेज: चपोरा में ग्रामीणों का सांकेतिक चक्का जाम, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
संपादक -मनहरण कश्यप
संवाददाता - सुरेंद्र कोशले
बिलासपुर जिले के विकासखंड कोटा अंतर्गत ग्राम चपोरा में शुक्रवार को ग्रामीणों ने एनएच 45 पर अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर सांकेतिक चक्का जाम कर धरना प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवा सड़क पर उतरे और नारेबाजी करते हुए जिला प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का कहना है कि रतनपुर–केंदा–केंवची मार्ग पर बन रहे राष्ट्रीय राजमार्ग 45 के कारण गांव दो हिस्सों में विभाजित हो गया है। मुख्य बस्ती से स्कूल, बैंक, स्वास्थ्य केंद्र और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने के लिए लोगों को रोजाना व्यस्त हाईवे पार करना पड़ रहा है। इससे खासकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि आसपास के लगभग 15 से 20 गांवों के लोग भी इसी मार्ग से आवागमन करते हैं, जिससे सड़क पर लगातार दबाव बना रहता है और दुर्घटना की आशंका हर समय बनी रहती है। उनका आरोप है कि अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर कई बार प्रशासन को आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। इसी के चलते मजबूरन उन्हें सांकेतिक चक्का जाम और धरना प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों की मांग का समर्थन किया। उनका कहना है कि अंडरपास बनने से न केवल आवागमन सुरक्षित होगा, बल्कि संभावित हादसों पर भी प्रभावी रोक लग सकेगी।
मौके पर पहुंची तहसीलदार शिल्पा भगत और कोटा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनका ज्ञापन प्राप्त किया तथा मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल ग्रामीण प्रशासन के निर्णय की प्रतीक्षा कर रहे हैं, वहीं चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।
0 Comments