आधारशिला विद्या मंदिर न्यू सैनिक स्कूल का तीन दिवसीय सैन्य-शैक्षणिक भ्रमण, कैडेट्स को मिला उच्च सैन्य अधिकारियों का मार्गदर्शन
मनहरण कश्यप की विशेष रिपोर्ट
बिलासपुर/आधारशिला विद्या मंदिर न्यू सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों का तीन दिवसीय शैक्षणिक एवं सैन्य भ्रमण अनुशासित और प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हो रहा है। इस दौरान कैडेट्स को भारतीय सशस्त्र बलों की कार्यप्रणाली, गौरवशाली परंपराओं और राष्ट्ररक्षा में उनके योगदान को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला।
भ्रमण का विशेष आकर्षण एयर वाइस मार्शल अमिताभ शेंडे एवं श्रीमती नम्रता शेंडे से हुई भेंट रही। एयर वाइस मार्शल शेंडे ने अनुशासन, लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता और निरंतर परिश्रम को सफलता की कुंजी बताते हुए कैडेट्स को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया। वहीं श्रीमती नम्रता शेंडे ने संस्कार, नैतिक मूल्यों और आत्मबल के महत्व पर प्रकाश डाला।
भ्रमण के अंतर्गत विद्यार्थियों ने INS नेताजी सुभाष एयर फोर्स स्टेशन, ईस्टर्न एयर कमांड, कमांड लाइब्रेरी, ईस्टर्न कमांड म्यूजियम, विजय स्मारक, वॉर मेमोरियल तथा मंगल पांडे सेल की प्रतिकृति सहित अनेक ऐतिहासिक एवं सैन्य स्थलों का अवलोकन किया।
इस शैक्षणिक यात्रा में विद्यालय के डायरेक्टर श्री एस. के. जनास्वामी, प्रधानाचार्या श्रीमती जी. आर. मधुलिका, एडमिन ऑफिसर लेफ्टिनेंट उदय शर्मा सहित शिक्षक एवं स्टाफ निरंतर उपस्थित रहे। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
0 Comments