गौरखुरी में प्रधानमंत्री सड़क निर्माण में गंभीर अनियमितता, गुणवत्ता पर उठे सवाल

गौरखुरी में प्रधानमंत्री सड़क निर्माण में गंभीर अनियमितता, गुणवत्ता पर उठे सवाल

संपादक -मनहरण कश्यप की विशेष रिपोर्ट 

कोटा/ विकासखंड कोटा के ग्राम पंचायत टाटीधार अंतर्गत आश्रित ग्राम गौरखुरी में जनमन प्रधानमंत्री सड़क निर्माण योजना के तहत किए जा रहे सीसी रोड निर्माण में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। सड़क मरम्मत एवं सीसी रोड कार्य में पूर्व में की गई ढलाई में निर्धारित मानक से कम मात्रा में मसाला उपयोग किए जाने के कारण सड़क पर शुरुआती चरण में ही दरारें पड़ गई हैं। इन दरारों की पुनः मरम्मत भी गुणवत्ताहीन तरीके से की जा रही है।
मौके पर साइड इंजीनियर सत्येंद्र यादव की उपस्थिति में जांच के दौरान कार्य गुणवत्ता विहीन पाया गया। निरीक्षण ग्राम पंचायत उपसरपंच प्रतिनिधि ग्राम खोंगसरा श्री धीरन्त यादव, जनपद पंचायत कोटा निर्माण समिति सदस्य श्री परमेश्वर खुसरो एवं जनपद प्रतिनिधि आमागोहन खोंगसरा श्री बलराम मरावी द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान राजमिस्त्री जयकुमार, संत कुमार एवं प्रेम कुमार भी उपस्थित रहे। जांच में स्पष्ट रूप से शासन की महत्वाकांक्षी योजना को लापरवाहीपूर्वक और घटिया गुणवत्ता में क्रियान्वित किया जाना पाया गया।
इस संबंध में जनप्रतिनिधियों द्वारा कंपनी के सुपरवाइजर मिथिलेश कुमार से चर्चा की गई, जिस पर सुपरवाइजर द्वारा टालमटोल भरे जवाब देते हुए अभद्र भाषा में गलत व्यवहार किया गया।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बगधरा सरगोड़ से गौरखुरी तक सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिसमें सीसी रोड का निर्माण भी शामिल है। उक्त कार्य के ठेकेदार श्री सुनील कुमार अग्रवाल, चांदनी चौक रायगढ़ हैं, जबकि कार्य का निष्पादन कार्यपालन अभियंता सुश्री लोलेन इक्का, बिलासपुर द्वारा किया जा रहा है।
जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments