धान खरीदी केंद्र मिट्ठूनवागांव (करवा) में धान खरीदी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने कोटा विधायक श्रीवास्तव ने नियुक्त किया प्रतिनिधि
संपादक -मनहरण कश्यप की खास रिपोर्ट
कोटा/कोटा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अटल श्रीवास्तव ने किसानों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए धान खरीदी व्यवस्था को सुचारु, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विधायक श्रीवास्तव ने धान खरीदी केंद्र मिट्ठूनवागांव (करवा) के लिए शिवदयाल निर्मलकर (उपसरपंच, ग्राम पंचायत कुरवार) को अपना अधिकृत प्रतिनिधि नियुक्त किया है।
इस अवसर पर विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए निरंतर निगरानी और त्वरित समन्वय आवश्यक है। प्रतिनिधि की नियुक्ति का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी रहे, किसानों की उपज समय पर खरीदी जाए तथा भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।
विधायक ने आगे बताया कि शिवदयाल निर्मलकर मौके पर उपस्थित रहकर किसानों की समस्याओं को सीधे सुनेंगे और उन्हें संबंधित विभागीय अधिकारियों तक पहुंचाकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे। साथ ही वे धान खरीदी केंद्र पर व्यवस्थाओं की निगरानी कर किसी भी अनियमितता या अव्यवस्था की जानकारी तत्काल प्रशासन को देंगे।
प्रतिनिधि की नियुक्ति पर क्षेत्र के किसानों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों में संतोष और उत्साह का माहौल देखने को मिला। किसानों ने विधायक अटल श्रीवास्तव के इस निर्णय की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि इससे धान खरीदी केंद्र मिट्ठूनवागांव (करवा) में व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा किसानों को सीधा और समयबद्ध लाभ मिलेगा।
0 Comments