ग्राम भरारी में राशन वितरण में अनियमितता को लेकर ग्रामीणों का हल्ला बोल, मौके पर पहुंच अधिकारी

ग्राम भरारी में राशन वितरण में अनियमितता को लेकर ग्रामीणों का हल्ला बोल, मौके पर पहुंच अधिकारी 

संपादक - मनहरण कश्यप की विशेष रिपोर्ट 

बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड अंतर्गत ग्राम भरारी स्थित सेवा सहकारी समिति मर्यादित में चावल वितरण को लेकर भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। चावल नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने समिति परिसर में हल्ला बोल करते हुए जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीणों का आरोप है कि फिंगरप्रिंट सत्यापन करवाने के बावजूद उन्हें पिछले तीन से चार महीनों से चावल नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने समिति प्रबंधक को हटाने की मांग भी की है।
 वहीं,विक्रेता धनंजय कुमार सूर्यवंशी पर खाद्यान्न वितरण में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है।

मामले की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त तहसीलदार बिलासपुर प्रकृति ध्रुव और खाद्य निरीक्षक बिल्हा ललिता शर्मा जांच के लिए भरारी राशन वितरण केंद्र पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों के बयान दर्ज किए और मामले की जांच शुरू की।

अधिकारियों ने बताया कि अनुविभागीय अधिकारी राजस्व द्वारा पूरे प्रकरण को संज्ञान में लिया गया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि दिसंबर माह का राशन ग्रामीणों को वितरित किया जा रहा है।

 *फिलहाल,प्रशासन की ओर से जांच जारी है और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।*

Post a Comment

0 Comments