आदिवासी परिवारों को वन अधिकार पट्टा देकर वैधानिक अधिकार प्रदान करें — विधायक अटल श्रीवास्तव

आदिवासी परिवारों को वन अधिकार पट्टा देकर वैधानिक अधिकार प्रदान करें — विधायक अटल श्रीवास्तव
संपादक -मनहरण कश्यप की खास रिपोर्ट 

कोटा। कोटा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अटल श्रीवास्तव ने क्षेत्र में पीढ़ियों से वन भूमि पर निवासरत एवं खेती कर रहे आदिवासी परिवारों को व्यक्तिगत अथवा सामुदायिक वन अधिकार पट्टा प्रदान करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर बिलासपुर को एक विस्तृत पत्र लिखकर कहा कि कोटा क्षेत्र वनांचल एवं आदिवासी बहुल इलाका है, जहां बैगा, धनुहार, सौता, गोंड़, बिंझवार समेत कई आदिवासी समुदाय लंबे समय से वन भूमि पर रहकर कोदो-कुटकी, धान एवं अन्य फसलों की खेती के माध्यम से जीवन-यापन कर रहे हैं।
विधायक श्रीवास्तव ने कहा कि वर्षों से काबिज ये परिवार अभी तक अपने वैधानिक अधिकारों से वंचित हैं, जिससे उनमें असुरक्षा की भावना बनी हुई है। वैधानिक अधिकार न होने के कारण ये परिवार न तो शासकीय योजनाओं का लाभ ले पा रहे हैं और न ही ऋण सुविधाओं व सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का।

उन्होंने कहा कि आदिवासी परिवारों को सम्मानपूर्वक जीवन एवं स्थायी आजीविका सुनिश्चित करने के लिए वन अधिकार पट्टा प्रदान किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि पात्र एवं वंचित आदिवासी परिवारों को व्यक्तिगत अथवा सामुदायिक वन अधिकार पट्टा शीघ्रता से प्रदान किया जाए।

Post a Comment

0 Comments