परिवार को एकजुट रखने के लिए माताओं का सशक्त होना आवश्यक – श्रीमती मीरा शर्मा
मनहरण कश्यप की रिपोर्ट
रतनपुर/सरस्वती शिशु मंदिर रतनपुर में विद्या भारती की योजना अंतर्गत सप्त शक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि व वक्ता शिक्षाविद् श्रीमती मीरा शर्मा, अध्यक्षीय आसंदी पर डॉ. नीलिमा जायसवाल, तथा अतिथि के रूप में श्रीमती तुलसी सोनी व श्रीमती नीलू पांडेय उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन व स्वागत गीत से हुई। संयोजिका कुमारी कीर्ति कहरा ने प्रस्तावना प्रस्तुत की। विद्यालय के बच्चों ने “हम ही मातृ शक्ति हैं” गीत का भावपूर्ण प्रस्तुतीकरण किया।
मुख्य वक्ता मीरा शर्मा ने कहा कि परिवार की धुरी मां होती है, और परिवार को एकजुट रखने के लिए माताओं का कर्तव्यनिष्ठ व संस्कारित होना आवश्यक है। उन्होंने छोटे-छोटे संस्कारों के माध्यम से बच्चों को संस्कारवान बनाने पर जोर दिया।
द्वितीय वक्ता श्रीमती तुलसी सोनी ने पर्यावरण संरक्षण पर बात करते हुए जल शुद्धता, ऊर्जा बचत व निर्माल्य विसर्जन के सही तरीकों की जानकारी दी।
डॉ. नीलिमा जायसवाल ने कहा कि यह कार्यक्रम महिलाओं को संगठित, सशक्त और जागरूक बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम में मातृशक्ति के लिए प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। बच्चों ने रानी लक्ष्मीबाई व काली की जीवंत झांकियों से मातृशक्ति को प्रेरित किया। समाज में विशेष योगदान देने वाली माताओं श्रीमती शशि गुप्ता और श्रीमती अंजनी कश्यप को सम्मानित किया गया।
सहसंयोजिका मनी फान्से ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में उपस्थित माताओं का सराहनीय योगदान रहा। अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य व विश्व कल्याण का संकल्प लिया।
0 Comments