साप्ताहिक जनदर्शन में टाटीधार,खोंगसरा,मोहली एवं तुलुफ के सरपंचों ने अपने क्षेत्र की समस्यायों को लेकर कलेक्टर से की मुलाकात
न्यूज़ रिपोर्ट - मनहरण कश्यप
कोटा - 16/9/25 मंगलवार को सप्ताहिक जनदर्शन में जिले से सैकड़ों लोग अपनी -अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे, वहीं विकास खंड कोटा के ग्राम पंचायत टाटीधार, खोंगसरा, मोहली, आमागोहन एवं तुलुफ के सरपंचों ने कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि उनके ग्राम पंचायतों से सहकारी केंद्र बैंक की दूरी अत्यधिक होने के कारण उन्हें धान बिक्री के बाद राशि प्राप्त करने 60 से 70 किलोमीटर दूर करगी रोड कोटा जाना पड़ता है। कई बार अत्यधिक भीड़ होने के कारण उन्हें बहुत ही परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही उन्होंने बिजली एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अन्य समस्याओं से भी कलेक्टर को अवगत कराया। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने इस मामले को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत खोंगसरा के जनपद सदस्य श्री कांति मरावी ने ग्राम पंचायत खोंगसरा में स्थित हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालय में बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में हाई स्कूल, हायर सेकेण्डरी एवं प्राथमिक शाला एक ही परिसर में संचालित हो रहे है। बाउंड्री वॉल का अभाव होने से विद्यालय परिसर में बाहरी व्यक्तियों एवं पशुओं का प्रवेश आसानी से हो जाता है, जिससे विद्यार्थियों की शिक्षा बाधित होती है। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को उनका ज्ञापन सौंपते हुए हर संभव कार्रवाई के निर्देश दिए।
0 Comments