अमरकंटक और नौतनवा एक्सप्रेस के ठहराव की मांग, रेलवे अधिकारियों से मिले पार्षद कान्हा संतोष गुप्ता
संपादक -मनहरण कश्यप Gs news cg
कोटा। कोटा रेलवे स्टेशन पर आयोजित जनशिविर में वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद कान्हा संतोष गुप्ता ने रेलवे अधिकारियों से मुलाकात कर अमरकंटक एक्सप्रेस और नौतनवा एक्सप्रेस के कोटा स्टेशन पर ठहराव की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इन ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं कोटा के व्यापारियों और रोजगार के अवसरों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
पार्षद गुप्ता के अनुसार, रेलवे अधिकारियों के कोटा में पहुंचकर समस्याएं सुनने की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल संपर्क कर मुलाकात के लिए समय लिया और क्षेत्र की प्रमुख रेल समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि अमरकंटक और नौतनवा एक्सप्रेस के ठहराव के अभाव में यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए दूर-दराज के रेलवे स्टेशनों तक जाना पड़ता है। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है।
उन्होंने कहा कि इन ट्रेनों का कोटा में ठहराव शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलेगी। साथ ही व्यापार विहार सहित अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलने से रोजगार और व्यापार को भी लाभ हो सकता है। ट्रेनों के ठहराव से कोटा के व्यापारियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।
इस दौरान दिलीप मानिकपुरी, रिंकू सोनी, सागर गुप्ता, रामेश्वर छोटकू ठाकुर सहित कोटा नगर के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
0 Comments