गुरु-शिष्य न्यूज़ का असर: कोटा विधायक के पहल से केंदा–बरपाली मार्ग के कटाव की हुई मरम्मत, स्कूली बच्चों को मिलेगी राहत,
विधायक अटल श्रीवास्तव की पहल पर मुरूम फिलिंग का कार्य पूरा, स्थायी सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी भेजा गया
कोटा। केंदा–बरपाली मार्ग पर सड़क कटाव से स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को हो रही परेशानी को गुरु शिष्य न्यूज़ पोर्टल द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद मामले में कार्रवाई हुई है। खबर को गंभीरता से लेते हुए कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद कटाव प्रभावित हिस्से में मुरूम फिलिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है।
बरपाली–केंदा मार्ग पर सड़क का हिस्सा बह जाने से आवागमन जोखिमपूर्ण हो गया था। खासकर स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और क्षेत्र के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को समाचार पत्र के माध्यम से सामने लाया गया, जिसके बाद विधायक ने पहल करते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश के बाद संबंधित विभाग ने कटाव वाले हिस्से में मुरूम भराई का काम पूरा कर लिया है। इससे मार्ग से गुजरने वाले स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
स्थायी सड़क निर्माण का प्रस्ताव प्रेषित
कटाव वाले हिस्से की फिलिंग के साथ ही मार्ग के स्थायी समाधान की दिशा में भी पहल की गई है। संबंधित अधिकारियों के अनुसार, केंदा–बरपाली मार्ग के स्थायी निर्माण के लिए प्रस्ताव प्रेषित किया गया है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद सड़क निर्माण की आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
फिलहाल मुरूम फिलिंग से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन मार्ग की स्थायी समस्या के समाधान के लिए पक्के निर्माण की स्वीकृति और कार्य शुरू होने का इंतजार रहेगा।
0 Comments