चपोरा में जनसमस्या निवारण शिविर, महतारी सदन का हुआ लोकार्पण
संवाददाता -सुरेन्द्र कोसले (चपोरा )की रिपोर्ट
चपोरा। ग्राम पंचायत चपोरा में मंगलवार को जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इसी अवसर पर महतारी सदन का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद बिलासपुर तोखन साहू उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत बिलासपुर अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जनपद पंचायत कोटा अध्यक्ष सूरज साधेलाल भारद्वाज, उपाध्यक्ष मनोहर सिंह राज, रतनपुर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष लवकुश कश्यप,जिला पंचायत सदस्य रजनी पिंटू मरकाम, जनपद सदस्य दुर्गा हरिशंकर यादव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जिला भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष मोहित जायसवाल, ग्रामीण भाजपा उपाध्यक्ष तिरीथ राम यादव, सरपंच दीपमाला आर्मो, उपसरपंच राजू ठाकुर ,भानू प्रताप कश्यप सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
जनसमस्या निवारण शिविर में वन, राजस्व, शिक्षा, विद्युत, श्रम, स्वास्थ्य और कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने विभागवार अपनी समस्याएं एवं आवेदन अधिकारियों के समक्ष रखे। शिविर में चपोरा के साथ आसपास के पोड़ी, मोहंदा, दोनासागर, खैरा, पचरा और बारीडीहा सहित अनेक गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। महतारी सदन के लोकार्पण से ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होने की उम्मीद है।
0 Comments