पितृशोक से जूझ रहे निर्धन परिवार के लिए सुनील कश्यप ने बढ़ाया मदद का हाथ, जुटाई 11,200 रुपये की सहायता राशि

पितृशोक से जूझ रहे निर्धन परिवार के लिए सुनील कश्यप ने बढ़ाया मदद का हाथ, जुटाई 11,200 रुपये की सहायता राशि
संपादक -मनहरण कश्यप Gs news cg 

लोरमी/ठरकपुर। दुख की घड़ी में किसी जरूरतमंद का सहारा बनना ही सच्ची मानवता है। इसी भावना को चरितार्थ करते हुए लोरमी विकासखंड के ग्राम ठरकपुर निवासी सुनील कश्यप के नेतृत्व में ग्रामीणों और संवेदनशील नागरिकों ने एक पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद कर सामाजिक एकजुटता और मानवीय संवेदना की मिसाल पेश की।
ग्राम ठरकपुर निवासी स्व. जनी यादव का निधन महज 15 दिन पूर्व हुआ है। परिवार अभी पितृशोक से उबर भी नहीं पाया था कि एक और संकट ने उसे घेर लिया। मजदूरी के सहारे जीवनयापन करने वाले इस निर्धन परिवार के 16 वर्षीय बेटे तामेश्वर यादव को पेशाब की नली में गंभीर स्वास्थ्य समस्या हो गई। इलाज के लिए आर्थिक संसाधन नहीं होने से परिवार के सामने मुश्किलें खड़ी हो गईं।
परिवार की पीड़ा और आर्थिक स्थिति को देखते हुए सुनील कश्यप ने मदद की पहल की और क्षेत्र के लोगों से सहयोग की अपील की। उनकी पहल पर संवेदनशील नागरिकों और दानदाताओं ने यथासंभव आर्थिक सहयोग दिया। इस तरह कुल 11,200 रुपये की सहायता राशि एकत्रित की गई, जिसे तामेश्वर यादव, उनकी माता और परिजनों को सौंप दिया गया।
इस सहयोग से संकट से जूझ रहे परिवार को इलाज और अन्य जरूरी जरूरतों के लिए राहत मिलने की उम्मीद है। दुख की इस घड़ी में ग्रामीणों का आगे आना यह संदेश देता है कि समाज की एकजुटता और संवेदना किसी जरूरतमंद परिवार के लिए बड़ा संबल बन सकती है।
सुनील कश्यप एवं पीड़ित परिवार ने सहयोग करने वाले सभी दानदाताओं और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments