ओछीनापारा में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आंगन का उत्सव’ में गूंजी पोषण और मातृशक्ति सशक्तिकरण की आवाज

ओछीनापारा में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आंगन का उत्सव’ में गूंजी पोषण और मातृशक्ति सशक्तिकरण की आवाज
संवाददाता -सुरेन्द्र कोसले की रिपोर्ट 

रतनपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद रतनपुर के ओछीनापारा वार्ड क्रमांक 10 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 01 में ‘आंगन का उत्सव–आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नन्हे बच्चों के लिए न्यौता भोज एवं अन्नप्राशन तथा गर्भवती महिलाओं के लिए गोद भराई कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस अवसर पर उपस्थित माताओं-बहनों से ‘मातृ-संवाद’ के माध्यम से शासन की विभिन्न पोषण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में मातृशक्ति को पोषण, स्वास्थ्य एवं बच्चों के समुचित विकास के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ‘सेवा संकल्प से सशक्त नारी, समृद्ध छत्तीसगढ़’ की भावना के साथ महिलाओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए जमीनी स्तर पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का आत्मीय सम्मान भी किया गया। बच्चों के चेहरे पर खिली मुस्कान और माताओं-बहनों का उत्साह कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ज्वाला कौशिक, मंडल महामंत्री भाजपा रतनपुर, वक्ता दिनेश प्रभाकर, एल्डरमैन नगर पालिका परिषद रतनपुर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरिता कमलसेन, सहायिका पुष्पलता अनुरागी, मितानिन वत्सना कोशले सहित मातृशक्ति, लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में नन्हे-मुन्ने बच्चे उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments