उपका में सात दिवसीय रुद्राभिषेक एवं महामृत्युंजय जाप का भव्य समापन

उपका में सात दिवसीय रुद्राभिषेक एवं महामृत्युंजय जाप का भव्य समापन
संपादक -मनहरण कश्यप Gs news 

कोटा (बिलासपुर)। श्रावण मास के पावन अवसर पर विकासखंड कोटा के ग्राम उपका स्थित श्री नर्मदा देवी मंदिर परिसर में आयोजित तृतीय वर्ष का वार्षिक रुद्राभिषेक एवं सवा लाख महामृत्युंजय मंत्र जाप का सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान शनिवार, 15 अगस्त को पूर्णाहुति एवं महाआरती के साथ संपन्न हुआ।
9 अगस्त से शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन रुद्राभिषेक, वेदी पूजन, महामृत्युंजय मंत्र जाप, संध्या आरती सहित विभिन्न वैदिक अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न कराए गए। समापन अवसर पर हवन-पूजन, पूर्णाहुति, महाआरती एवं विसर्जन के बाद ब्राह्मण भोज, भंडारा तथा प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर धर्मलाभ अर्जित किया।
आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना के साथ भगवान शिव की आराधना करना रहा। आचार्य पंडित दिलीप दुबे एवं पंडित सौरभ दुबे ने वैदिक विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया।
कार्यक्रम के यजमान श्री रामसहाय यादव एवं ग्राम पंचायत उपका के उपसरपंच कन्हैया यादव रहे। आयोजन को सफल बनाने में श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा। सात दिवसीय धार्मिक आयोजन के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान महादेव एवं मां नर्मदा के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे।
आयोजक: कन्हैया यादव, उपसरपंच, ग्राम पंचायत उपका।

Post a Comment

0 Comments