आजादी के बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों तक नहीं पहुंचीं मूलभूत सुविधाएं : निलेश विश्वाश

आजादी के बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों तक नहीं पहुंचीं मूलभूत सुविधाएं : निलेश विश्वाश

संपादक -मनहरण कश्यप Gs news 

बिलासपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष निलेश विश्वाश ने सरकार और विभागीय व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी कई गांवों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाएं सही तरीके से नहीं पहुंच पाई हैं।
मीडिया से चर्चा करते हुए निलेश विश्वाश ने कहा कि सरकार समय-समय पर कई अच्छी योजनाएं बनाती है, लेकिन विभागीय लापरवाही और सिस्टम की खामियों के कारण ये योजनाएं जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पातीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगहों पर योजनाएं केवल कागजों में ही पूरी दिखा दी जाती हैं, जबकि वास्तविकता में ग्रामीणों को उनका लाभ नहीं मिल पाता।
उन्होंने कहा कि सरकार को विभागों पर कड़ी निगरानी रखनी चाहिए, क्योंकि वर्तमान में कई विभागों पर सरकार का प्रभावी नियंत्रण नहीं दिखाई दे रहा है। इसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है और योजनाओं का सही क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है।
निलेश विश्वाश ने विशेष रूप से परसापानी सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां शिक्षा, अस्पताल, पेयजल, सड़क और आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं की हालत बेहद खराब है। कई स्थानों पर पुल निर्माण नहीं होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को उनका वास्तविक लाभ मिल सके।

Post a Comment

0 Comments