कोनचरा में 8 मार्च रविवार को महिला दिवस व होली मिलन, सशक्त नारी महासंघ दे रहा नारी सम्मान का संदेश
संपादक -मनहरण कश्यप Gs news
कोटा/बेलगहना। चौकी बेलगहना अंतर्गत ग्राम पंचायत कोनचरा में सशक्त नारी महासंघ की महिलाओं द्वारा 8 मार्च रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एवं होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं के सम्मान, उनके अधिकारों और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
संगठन की महिलाओं ने गांव व क्षेत्र की समस्याओं को लेकर कई बार संघर्ष किया है। बेलगहना-कोनचरा सड़क निर्माण की मांग, बिजली समस्या को लेकर बिजली कार्यालय घेराव, राशन वितरण में अनियमितता के खिलाफ आंदोलन कर करीब 1000 हितग्राहियों को राशन दिलाने जैसे कार्य प्रमुख हैं।
इसके अलावा महिलाओं ने नशा मुक्ति के लिए डंडा रैली निकालकर जनजागरूकता फैलाई, छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापना कराई तथा गांव में सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाई। महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को रोकने और आपसी सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से सशक्त नारी महासंघ का गठन किया गया है, जिसमें सदस्य महिलाएं साप्ताहिक सहयोग राशि जमा कर जरूरतमंदों की सहायता भी करती हैं।
महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं के त्याग, संघर्ष और शक्ति को सम्मान देने का संदेश दिया जाएगा।
0 Comments