बेलगहना पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए रास्ते में गर्भवती महिला का कराया सुरक्षित प्रसव

बेलगहना पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए रास्ते में गर्भवती महिला का कराया सुरक्षित प्रसव
मनहरण कश्यप की खास रिपोर्ट 

बिलासपुर/बेलगहना/ गुरुवार को बेलगहना चौकी की पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी क्षेत्र भ्रमण पर थी। इसी दौरान वनांचल ग्राम बाबापारा तुलुफ खोंगसरा में सड़क किनारे गर्भवती महिला रानू गोस्वामी पति सागर गोस्वामी (उम्र 22 वर्ष), निवासी ग्राम बाबापारा खोंगसरा अपने परिजनों के साथ प्रसव हेतु अस्पताल जाने के लिए किसी वाहन की प्रतीक्षा कर रही थी।

इसी बीच वहां से गुजर रही पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने महिला की स्थिति को देखकर तुरंत मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। प्रधान आरक्षक नरेंद्र पात्रे, आरक्षक ईश्वर नेताम एवं धीरज जायसवाल ने बिना देर किए गर्भवती महिला को पुलिस वाहन में बैठाकर अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया।

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही महिला को अत्यधिक प्रसव पीड़ा हुई। परिस्थिति को समझते हुए पुलिस टीम ने परिजनों की उपस्थिति में सम्मानपूर्वक सुरक्षित प्रसव कराया। इसके पश्चात जच्चा और नवजात शिशु दोनों को पुलिस टीम ने तत्काल आमगोहन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा दोनों को स्वस्थ बताया गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने बेलगहना पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि मानव सेवा का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

Post a Comment

0 Comments