रतनपुर के वार्ड 5 और 2 में धान की फसल पर आवारा मवेशियों का आतंक, किसानों ने लगाई प्रशासन से गुहार

रतनपुर के वार्ड 5 और 2 में धान की फसल पर आवारा मवेशियों का आतंक, किसानों ने लगाई प्रशासन से गुहार
मनहरण कश्यप की रिपोर्ट 

रतनपुर। नगर के वार्ड क्रमांक 05 और वार्ड क्रमांक 02 के रजहापारा खार, रानीपारा खार और सोनारपारा खार क्षेत्र के किसानों के लिए इस बार धान की फसल बचाना बड़ी चुनौती बन गई है। किसानों का कहना है कि कुछ लापरवाह पशुपालकों के मवेशी खुले में घूमते रहते हैं और रात-बेरात खेतों में घुसकर खड़ी फसल चर जाते हैं।

इससे किसानों की मेहनत और लागत पर पानी फिर रहा है। कई किसानों ने बताया कि धान की पौध जैसे-जैसे बढ़ रही है, मवेशियों का नुकसान भी उतना ही बढ़ रहा है। खेतों में मवेशी दिनदहाड़े घुस आते हैं, जिससे फसल की गुणवत्ता और पैदावार दोनों पर असर पड़ रहा है।

किसानों ने इस समस्या से परेशान होकर सामूहिक रूप से नगर पालिका, रतनपुर थाना और तहसीलदार कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि यह समस्या सिर्फ आर्थिक नुकसान तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों और पशुपालकों के बीच विवाद की स्थिति भी पैदा हो रही है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दोषी पशुपालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और ऐसे मवेशियों को बांधने या सुरक्षित रखने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसानों की मेहनत बर्बाद न हो।स्थानीय किसानों ने यह भी सुझाव दिया कि नगर में आवारा पशुओं को पकड़ने और उनके लिए अस्थायी गोशालाओं की व्यवस्था करने से समस्या पर काफी हद तक काबू पाया जा सकता है।

Post a Comment

0 Comments